भाजपा की सोनिया सोनी बनी नगरपालिका अध्यक्ष, कांगे्रस की आशा नामा को 5 मतों से पराजित किया

0
148

नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए रविवार को हुए मतदान में भाजपा की सोनिया सोनी ने कांगे्रस की निवर्तमान पालिकाध्यक्ष आशा नामा को 5 मतों से पराजित किया। रिटर्निंग अधिकारी डॉ. राकेश कुमार मीणा ने पालिकाध्यक्ष पद के लिए आयोजित हुए मतदान के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि 35 सदस्यों वाली मालपुरा नगरपालिका में भाजपा की सोनिया सोनी को 20 मत तथा कांगे्रस की आशा नामा को 15 मत प्राप्त हुए है तथा सोनिया सोनी को 5 मतों से विजयी घोषित किया। प्रदेश की 90 नगरपालिकाओं के लिए 28 जनवरी को हुए मतदान के बाद 31 जनवरी को परिणामों की घोषणा की गई थी जिसमें भाजपा को 13, कांगे्रस को 5 तथा 17 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे थे। चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद से ही सम्पूर्ण शहर में पालिकाध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी चयन तथा भाजपा अथवा कांगे्रस की जीत को लेकर कयास लगना शुरू हो गए थे। दोनों ही राजनैतिक दल भाजपा व कांगे्रस की ओर से विजयी प्रत्याशियों की बाडाबंदी करते हुए अपना-अपना बोर्ड बनाने को लेकर प्रयास शुरू कर दिए गए थे। भाजपा की ओर से विधायक कन्हैया लाल चौधरी, प्रदेश मंत्री व प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव तथा पूर्व पालिकाध्यक्ष सुभाष गालव की तिकडी ने व्यूहरचना तैयार की तथा ओबीसी महिला वर्ग क लिए आरक्षित अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से सोनिया सोनी को अध्यक्ष पद का दावेदार बनाया जबकि कांगे्रस ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष आशा नामा को कांगे्रस की ओर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया। पालिका चुनावों में पहली बार चुनाव परिणामों की घोषणा से अध्यक्ष पद के चुनाव के बीच 7 दिन का लम्बा अंतराल रखा गया जिससे प्रतिदिन राजनैतिक हलकों के साथ-साथ शहरवासियों में अध्यक्ष पद के चयन को लेकर समीकरण बनते बिगडते रहे। अनुमानों के दौर में एक-एक दिन भारी बीता अंतत: रविवार को अध्यक्ष पद के चुनाव का निर्धारित समय आ पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार बैरवा, पुलिस उपाधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड एवं थानाधिकारी गोपाल सिंह नाथावत के नेतृत्व में कडी पुलिस सुरक्षा के इंतजाम किए गए। त्रिचक्रीय सुरक्षा व्यवस्था में मतदान स्थल से लगभग 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था की गई जिसके चलते किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई तथा शांतिपूर्ण ढंग से अध्यक्ष पद का चुनाव सम्पन्न करवाया गया। जिसमें भाजपा के दिग्गजों द्वारा की गई व्यूहरचना के मुताबिक निर्दलीयों के साथ एक साथ बस में सवार होकर पहुंचे भाजपा के 18 पार्षदों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पहुंचकर पद एवं गोपनीयता की शपथ के बाद अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लगभग एक घण्टे के बाद युवा नेता हंसराज गाता व पालिकाध्यक्ष पति महावीर नामा के नेतृत्व में कांगे्रस खेमा भी एक साथ पालिका कार्यालय पहुंचा जहां एक बार में निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ 16 पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके पश्चात लगभग आधा घण्टे की देरी से एक महिला पार्षद को ओर मतदान के लिए लाया गया। सम्पूर्ण 35 पार्षदों द्वारा मतदान किए जाने के बाद रिटर्निंग अधिकारी डॉ. मीणा ने मतगणना कर अध्यक्ष पद के चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए पालिकाध्यक्ष पद पर सोनिया सोनी को 5 मतों से विजयी घोषित किया। भाजपा की जीत की घोषणा के साथ ही भाजपाईयों एवं शहरवासियों में खुशी की लहर दौड गई तथा भाजपाईयों ने नारेबाजी करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। भाजपाईयों में जीत का भारी उत्साह रहा तथा एक-दूसरे को गले लगाकर तथा मुंह मीठा करवाकर जीत की बधाईयां दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here